दोहा संग्रह "निरालम्भ" की साहित्यिक समीक्षा:
कबीर-रहीम की परंपरा का जीवंत रूपप्रस्तावना: दोहा परंपरा और नव ऊर्जा का संचारदोहा हिंदी का एक पुरातन बहुचर्चित अर्द्ध सम मात्रिक छंद है। तुलसी, जायसी, रहीम, रसखान, बिहारी, कबीर जैसे दोहाकारों ने लघु शब्दों में वृहद् भाव को जनमानस तक पहुंचाने का पुनीत कार्य किया है। शनै: शनै: दोहा काव्य विधा में किंचित ह्रास हुआ किंतु वर्तमान में कुछ दोहाकारों ने इस विधा की महत्ता को सर्वदा जीवंत रखने का शुचि प्रयास किया। उसी क्रम में कवि एवं
कबीर-रहीम की परंपरा का जीवंत रूपप्रस्तावना:
दोहा परंपरा और नव ऊर्जा का संचारदोहा हिंदी का एक पुरातन बहुचर्चित अर्द्ध सम मात्रिक छंद है। तुलसी, जायसी, रहीम, रसखान, बिहारी, कबीर जैसे दोहाकारों ने लघु शब्दों में वृहद् भाव को जनमानस तक पहुंचाने का पुनीत कार्य किया है। शनै: शनै: दोहा काव्य विधा में किंचित ह्रास हुआ किंतु वर्तमान में कुछ दोहाकारों ने इस विधा की महत्ता को सर्वदा जीवंत रखने का शुचि प्रयास किया। उसी क्रम में कवि एवं प्रख्यात गज़लकार श्री सुरेश चंद्रा 'कविराय' जी द्वारा रचित दोहा संग्रह "निरालम्भ" उर स्पर्शी अनुपम दोहों का ऐसा रश्मि पुंज है जिसकी ज्योत्सना पाठक के अंत:करण को दैदीप्यमान कर उसमें अकूत नव ऊर्जा का संचार कर देता है।"देखन में छोटे लगें घाव करें गंभीर" भाव को चरितार्थ करते हुए श्री सुरेश चंद्रा जी के दोहे कम शब्दों में दीर्घ प्रभाव छोड़ने वाले उस सौदामिनी की तरह हैं जिससे मानस आलोकित हो उठता है। उनके दोहों की विशेषता है कि वे अत्यंत सरल, साधारण बोलचाल की भाषा में लिखे गए हैं। उनमें लयबद्धता, उपदेशात्मकता और सहजता दृष्टिगोचर होती है जो क्लिष्टता न होने से सुगमता से समझे जा सकते हैं। वर्ण्य विषय पर दोहाकार की प्रचुर बौद्धिकता दृष्टिगोचर होती है।
भाग १: भक्तिभाव, गुरु-महिमा और मातृ-वंदना
दोहा संग्रह के प्रारंभ में वर्णित मां शारदे की आराधना समुन्नत संशुद्ध भाव से रचित स्तुति है जो उर को अभिभूत कर देती है:
विद्या की तुम खान हो, सकल ज्ञान का राज।
ज्ञान मुझे भी दीजिए, पूरन करना काज।।
पुरातन विख्यात अन्यान्य दोहाकारों ने गुरु की महिमा का उत्कृष्ट चित्रण किया है, उसी भाव को दृष्टिगत रखते हुए दोहाकार ने गुरु महिमा का वर्णन अत्यंत उत्तम रूप में करके गुरु शिष्य मधुर संबंधों के कुसुमाकर को पल्लवित पुष्पित व मधुमय रखने का सफल प्रयास किया है, जिसे वर्तमान परिप्रेक्ष्य में अध्येता के लिए अपरिहार्य माना जा सकता है:
गुरुवर की आराधना, गुरु चरणों में ध्यान।
सदगुरु मेरी साधना, सदगुरु मेरी जान।।
भक्तिभाव और प्रभु के प्रति आस्था की सुरभि से सुरभित श्री सुरेश चंद्रा जी के दोहे अकिंचन, अन्यमनस्क, सुषुप्त मन में ईश प्रेम के रुचिकर अंभोरूह खिलाते प्रतीत होते हैं व कबीर के दोहों की स्मृति जीवंत कर देते हैं:
बैरागी मन की व्यथा, केवल समझें राम।
जीवन केशव हेत है, पल भर नहिं आराम।।
इश्क किया जब नाम से, काहे होत उदास।
नाम हरी का सत्य है, सभी हरी के दास।।
वैसे तो मां की गरिमा का पुनीत वर्णन बहुत से दोहाकारों ने अपने संग्रह में किया है किंतु जिस उत्कृष्टता के साथ इस दोहा संग्रह में दोहाकार ने मां की गरिमा वर्णित की है वह अति प्रशंसनीय, वरणीय व अध्येतव्य है:
माता ही वह शख्स है, जन्म कोख से देय।
ममता की मूरत बनी, पीर प्रसव सह लेय।।
गीले में सोती सदा, सूखा देत बिछाय।
उदर भरे माता सदा, रूखा सूखा खाय।।
भाग २: मौन की शक्ति और सामाजिक पाखंड पर प्रहार
जीवन में मौन भी कितना हितकारी होता है, दोहाकार ने अतीव मनोहर ढंग से इसका अंकन करने का सफल प्रयास किया है:
चुप की जिनकी बान है, वे नर हैं बलवान।
रसना पर संयम नहीं, सहें घोर अपमान।।
वर्तमान परिप्रेक्ष्य में सामाजिक व्यवस्था में लोगों के दोहरे आचरण और पाखंड को दोहाकार ने हितार्थ हेतु उजागर करके जन जागरण की ज्योति प्रज्ज्वलित करने का प्रयास किया है। यही सब भाव उनके दोहों को समुन्नत बनाते हैं:
लगा मुखौटा आजकल, लोग करें व्यवहार।
मुख पर मीठे बोल हैं, पाछे करें प्रहार।।
भाग ३: कर्मयोग, जीवन दर्शन और चिंतन की महत्ता
जीवन के अंचित पूर्ण पथ में मनुष्य श्रम व लगन से ही आगे बढ़ सकता है और सकारात्मक भाव के साथ सफलता ग्रहण कर सकता है। युवाओं को दोहाकार ने अपने दोहों से अप्रतिम संदेश दिया है:
बाधा श्रम से ही कटे, मेहनत कर ले और।
चढ़ने वाला ही गिरे, करना होगा गौर।।
जिस प्रकार पूर्व के विज्ञ दोहाकारों ने जन-जन में जीवन के यथार्थ स्वरूप को पहुंचाने का प्रयास किया, उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए इस दोहा संग्रह में दोहाकार ने जीवन दर्शन व जीवन के यथार्थ को चित्रित कर अपने दोहों से जन मानस को जागृत करने का व अंतस की कृष्णिमा को तिरोहित करने का प्रयास किया है:
मन माया में फंस गया, मोह बना आधार।
चंद दिनों की जिंदगी, झूँठा सब संसार।।
चिंतन के महती महत्व को दर्शाते हुए श्री चंद्रा जी के कुसुमित दोहे दूसरे दोहाकारों से किंचित पृथक उच्च संदेश से संश्लिष्ट व सारगर्भित प्रतीत होते हैं व रुचिर संदेश की व्युत्पत्ति करते हैं जिनसे पाठक सन्नद्ध लगता है:
चिंतन से चिंता मिटे, चिंता चिता समान।
शमन समस्या का करें, चिंतन सुख की खान।।
भाग ४: प्रकृति संरक्षण और 'नैन सतसई' का मंजुल संगम
जीवन दर्शन, अध्यात्म और सामाजिक चित्रण जैसे विषयों से किंचित अलग प्रकृति व पर्यावरण संरक्षण पर भी सुरेश चंद्रा जी की तूलिका ने हृतप्रिय सांप्रतिक रंग बिखेरे हैं जो हृत्तल को स्पर्श कर जाते हैं:
हरी चुनरिया ओढ़ कर, धरती दे वरदान।
हरी हरितिमा रंग की, है धरती की शान।।
हिंदी की गरिमा का बखान करते हुए उनके दोहे अतीव प्रभावशाली व तोषक प्रतीत होते हैं:
हिंदी जननी भाव की, सभी रसों की खान।
शब्द सलिल सरिता बहे, हिंदी सुनो सुजान।।
श्री चंद्रा जी द्वारा रचित दोहों में वर्णित प्रेम के यथार्थ स्वरूप की अभिव्यंजना ने उन्हें उच्च कोटि के दोहाकारों में खड़ा कर दिया है। दो पंक्तियों के माध्यम से प्रेम का इतना उत्कृष्ट मनोरम चित्रण बहुत कम दृष्टिगोचर होता है। इसके अतिरिक्त सुरेश चंद्रा जी ने बैरागी, संयम, वक्त, ऋतुराज बसंत, हर्ष, पल, जश्न, पायल, आशा, कुंडल, सागर, अग्निपथ, प्रारब्ध, हार जीत, वाणी, शब्द, बेटा, भौंरा, धर्म, जीव, निंदा, शून्य, देह, नजीर, मांझी, याद, शिल्प, मिट्टी जैसे अनेकानेक विषयों पर दोहे रचकर यह चरितार्थ कर दिया है कि वह कुशल, सुवृत्त, विज्ञ दोहाकार हैं।
दोहा संग्रह के इस विशाल उदधि में एक धारा "नैन सतसई" की भी आकर मिलती है जो इस दोहा संग्रह को अतिशय मंजुल बनाती है। "नैन सतसई" में नैन पर ही दोहों का अनुपमेय शतक रचकर दोहाकार ने यह सिद्ध कर दिया है कि उनमें दोहा लेखन की विशिष्ट प्रवीणता है, यही योग्यता सुरेश चंद्रा जी को कबीर, रहीम, रसखान, जैसे महान दोहाकारों के समकक्ष लाती है।
उपसंहार: समीक्षा समापन व मंगलकामनाएँ
छंद के शिल्प को दृष्टिगत रखते हुए चंद्रा जी के दोहे किसी एक विषय पर केंद्रित न होकर अनेकानेक विषयों के अंतर्गत विशेष उद्देश्य से रचित हैं। लगभग हर विषय को स्पर्श करने का शुचि, सफल प्रयास दोहाकार द्वारा किया गया है जो अत्युत्तम व प्रशंसनीय है।
अंतत: सुरेश चंद्रा जी का सैकड़ों दोहों को समाहित किए हुए लगभग 150 पृष्ठों का यह दोहा संग्रह "निरालम्भ" अति उत्तम, भावों से विभासित, बिबुध, समुन्नत, सारगर्भित, अध्येतव्य, अतिदर्शी, अक्लिष्ट, मनभावन है जिसके प्रकाशन पर अनंत शुभकामनाएं। यह अनुपम दोहा संग्रह पाठकों को अवश्य रुचिकर लगेगा, इसी विश्वास के साथ मैं दोहा संग्रह की भव्य सफलता की कामना करता हूँ। कोटि-कोटि बधाई!
📝 समीक्षक परिचय:
श्री एस० पी० दीक्षित
मानद फ्लाइंग ऑफिसर (सेवानिवृत्त), भारतीय वायु सेना
कवि एवं लेखक
उन्नाव, उत्तर प्रदेश
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें